सेंधवा। महाराष्ट्र में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, सेंधवा अंचल के 5 की मौत, मृतकों में 2 बच्चों समेत 5 की मौत

सेंधवा। सत्याग्रह लाइव।
महाराष्ट्र में मध्यप्रदेश के बडवानी जिले के सेंधवा अंचल के मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 5 की मौत हो गई। इनमें दो बच्चे हैं। मारे गए लोग सेंधवा अंचल के ग्राम कोलकी के हैं। मृतकों में दो महिलाएं और एक युवती भी शामिल है। जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के पंढरपुर तहसील में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से यह हादसा हुआ है। हादसा मंगलवार देर रात का बताया जा रहा है। कोलकी गांव के सरपंच प्रतिनिधि अटल बिहारी ने बताया कि गांव से करीब 50 से 60 मजदूर महाराष्ट्र के पंढरपुर और कर्नाटक गन्ना कटाई के लिए गए थे। मंगलवार देर रात को वहां से सूचना मिली कि पंढरपुर तहसील के करकम गांव के पास गन्ना कटाई कर अपने रहने के स्थान लौट रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाएं, एक युवती और दो बच्चों की मौत हो गई है। सरपंच प्रतिनिधि अटल बिहारी के अनुसार मृतकों में रमता पति नेवल सिंह, प्रिया पिता नेवल सिंह, सुनीता पति राजीराम, अरविंद पिता राजीराम, सुरका पिता वेर सिंह शामिल हैं।
मुआवजा दिलाने और मृतकों के शव को गांव लाने की मांग –
सरपंच प्रतिनिधि अटल बिहारी ने सरकार से मृतकों को मुआवजा दिलाने और मृतकों के शव को गांव लाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया है। मृतकों के घर गांव के लोग पहुंचने लगे हैं और जानकारी ले रहे हैं।