आईएएस नियाज खान ने लिखी ‘ब्राह्मण द ग्रेट’, बनारस में दस दिन बाद विमोचन

मध्य प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नियाज खान ने ब्राह्मण द ग्रेट किताब लिखी है। जिसकी प्रकाशन के पहले ही जमकर चर्चा है। नियाज खान प्रशासनिक कामकाज में जिस तरह तेजतर्रार हैं, उसी तरह लेखन विधा में भी वे माहिर हैं और वे अब तक सात पुस्तकें लिख चुके हैं। ब्राह्मण द ग्रेट का कवर पेज जारी करने के बाद नियाज खान कहते हैं कि दस दिन में इसके अंग्रेजी संस्करण को बनारस में हिंदू धर्म के किसी धर्मगुरू से ही विमोचन कराएंगे।
बता दे छत्तीसगढ़ के रहने वाले परिवार के नियाज खान जब 2001 में प्रशासनिक सेवा में आए थे तो शुरू से ही उनके कार्यशैली में गलत काम करने वालों के खिलाफ उनकी कलम रुकती नहीं थी। पचमढ़ी में अरुदंती राय के पति का चर्चित मामला हो तो या फिर गुना का ओडीएफ घोटाला या मंडीदीप की नकली सामान बनाने वाली फैक्टरी पर छापे की कार्रवाई, हर मामले में उन्होंने सही का साथ दिया।
नियाज खान ने करीब डेढ़ साल में ब्राह्मण द ग्रेट का लेखन पूरा किया है। वे कहते हैं कि ब्राह्मण हमेशा से श्रेष्ठ रहे हैं और यही वजह है कि हर समय वे नीति निर्धारक के रूप में ही रहे हैं। तीन हजार साल पहले भी वे पथ प्रदर्शक की तरह काम करते थे और आज भी ऊंचे-ऊंचे पदों पर उनकी मौजूदगी है।
अबू सलेम-आसाराम पर भी पुस्तकें लिख चुके नियाज
नियाज खान इसके पहले अंडरवर्ल्ड सरगना अबू सलेम और अपने अनुयायियों के साथ दुष्कर्म के आरोप में जेल में सजा काट रहे आसाराम पर भी पुस्तकें लिख चुके हैं। उन्होंने द कश्मीर फाइल्स फिल्म के निर्माता पर टिप्पणी की थी कि वे फिल्म से जो पैसा कमाई के रूप में अर्जित करें उसे कश्मीरी पंडितों को दे दें। उनकी इस टिप्पणी पर काफी विवाद हुआ था और निर्माता विवेक अग्निहोत्री का सोशल मीडिया पर उनका तंज भरा संवाद भी चला था।