विविध

दुबई में देवी के जयकारे, दादू महाराज सम्मानित

अहिल्याबाई न केवल एक कुशल प्रशासक थीं, बल्कि उन्होंने शासन को सेवा का माध्यम बनाया।

दुबई में देवी के जयकारे, दादू महाराज सम्मानित

इन्दौर /दुबई । महामंडलेश्वर दादू महाराज दुबई प्रवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में भारत की महान देवी और आदर्श शासिका पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर के जीवन और उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।

दुबई में मौजूद भारतीयों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मौजूद भारतीय समुदाय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को संबोधित करते हुए दादू महाराज ने कहा कि अहिल्याबाई न केवल एक कुशल प्रशासक थीं, बल्कि उन्होंने शासन को सेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने बताया कि अहिल्याबाई ने देशभर में धर्मशालाएं, घाट, मंदिर और कुएं बनवाकर समाज की सेवा की और एक आदर्श, न्यायप्रिय, दानशील और जनकल्याणकारी शासिका के रूप में इतिहास में अमिट छाप छोड़ी।

प्रमुख बातें जो दादू महाराज ने रेखांकित कीं:
• अहिल्याबाई ने बताया महारानी होकर भी सादगी से जीवन कैसे जीया जाता हैं।
• उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर रामेश्वरम तक देशभर के कई प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार करवाया।
• उनका शासनकाल सामाजिक समरसता, न्याय और लोककल्याण की मिसाल बना।
• अहिल्याबाई ने कभी अपने पद का दुरुपयोग नहीं किया और सादगीपूर्वक जीवन जिया।

दुबई में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय प्रवासियों ने दादू महाराज के भाषण को अत्यंत प्रेरणादायी बताया। कई लोगों ने पहली बार अहिल्याबाई के योगदान को इतनी विस्तार से और भावनात्मक रूप से जाना।

कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना था, जिसे दादू महाराज ने पूरी गरिमा और श्रद्धा से निभाया। श्रावण मास के अंतर्गत सामूहिक शिव अभिषेक, सामूहिक मंत्र जाप,आरती और भजनों की प्रस्तुतियां भी इस अवसर पर हुई ।

अंत में दादू महाराज ने सभी से आग्रह किया कि हम सबको पुण्यश्लोक अहिल्याबाई जैसे महापुरुषों से प्रेरणा लेकर जनसेवा, नारी सम्मान और सामाजिक समरसता की दिशा में कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर भारतीय समुदाय के लोगों द्वारा दादू महाराज को सम्मानित भी किया गया । प्रमुख रूप से तन्मय चौधरी,पंकज पुरोहित,गुलशन लुधानी, नीरज माहेश्वरी, अनिल लुधानी, सुरेश कुमावत, नीलेश डांडले सहित कई जन उपस्थित थे।

 

Show More

Related Articles

Back to top button