मुख्य समारोह में कलेक्टर आशीष सिंह ने किया ध्वजारोहण*
इंदौर में चहुंओर अपार उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास दिखाई दिया।

मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने किया ध्वजारोहण*
इंदौर, । जिले में हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के चलते स्वतंत्रता दिवस आज देशभक्ति के जज्बे, जोश और जुनून के साथ उत्सवी माहौल में मनाया गया। इंदौर में चहुंओर अपार उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास दिखाई दिया। पूरा इंदौर तिरंगामय रहा। इंदौर के महेश गार्ड लाइन स्थित सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के मैदान में पूर्ण गरिमा और हर्षोल्लास के साथ आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में राष्ट्रीय धुन और राष्ट्रभक्ति के गीतों के बीच जवानों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय महापर्व पर जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी रंगारंग प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम में पहली बार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का एलईडी स्क्रीन पर प्रसारण किया गया।
*खुली जीप से किया परेड का निरीक्षण*
मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। समारोह में पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित थे। समारोह में सशस्त्र बलों ने स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारों के बीच हर्ष फायर किये। खुले आकाश में रंगीन गुब्बारे छोड़े गये।
*17 दलों ने प्रस्तुत की आकर्षक परेड*
मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों के 17 दलों ने परेड में हिस्सा लिया। इनमें सीमा सुरक्षाबल, आरएपीटीसी, प्रथम वाहिनी, 15वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल(पुरूष), जिला पुलिस बल (महिला), नगर सेना, यातायात पुलिस, स्काउट, गाईड, रेडक्रॉस, आरआई ग्रुप, एसपीसी, सृजन दल, शौर्या दल प्रमुख रूप से रहे। परेड का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक आरएपीटीसी नीति दंडोतिया ने किया। उनका अनुकरण टूआईसी सूबेदार सोनाली वास्कले ने किया। समारोह में प्रथम वाहिनी और बीएसएफ का बैंड भी आकर्षण का केन्द्र रहा।