.
विविध

शहनाई एवं वैदिक मंत्रोच्चार की मंगल ध्वनि के बीच 22

अग्रवाल समाज की पहल पर जरूरतमंद परिवारों के 22 युगलों को उपहारों सहित दी गई विदाई

.

शहनाई एवं वैदिक मंत्रोच्चार की मंगल ध्वनि के बीच 22

दूल्हों ने मारे तोरण-आठवां फेरा लिया स्वच्छता के लिए

अग्रवाल समाज की पहल पर जरूरतमंद परिवारों के 22 युगलों को उपहारों सहित दी गई विदाई – निकली सामूहिक शोभायात्रा

SAVE 20260316 193950 SAVE 20260316 193928

इंदौर। राजीव गांधी चौराहा स्थित शुभकारज गार्डन पर सोमवार को दिन भर 22 युगलों के सामूहिक विवाह का जश्न चलता रहा। मालवांचल के विभिन्न जिलों एवं कस्बों से आए इन युगलों ने सांझ ढलते ही जब क्रमवार खड़े होकर एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और इसके पहले जब दूल्हों ने तोरण मारे तो समूचा विवाह स्थल शहनाई, वैदिक मंत्रों और बैंड-बाजों की सुर एवं स्वर लहरियों से गूंज उठा। इसके पूर्व सभी युगलों की सामूहिक शोभा यात्रा भी यातायात व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखकर निकाली गई। नवयुगलों ने 8वां फेरा शहर को नौवीं बार स्वच्छता में अग्रणी बनाने में सहयोग करने के लिए लिया।

इंदौर महानगर अग्रवाल समाज की मेजबानी में विभिन्न समाजों के 22 युगलों के सामूहिक विवाह का यह संकल्प साकार होते देखने के लिए बड़ी संख्या में अग्रवाल एवं वैश्य समाज के बंधु उपस्थित थे। नवयुगलों ने आचार्य पं. संतोष शास्त्री के निर्देशन में सात की जगह आठ फेरे लेकर अपने इंदौर शहर को नौवीं बार भी स्वच्छता में अव्वल बनाने और अपने-अपने गांवों-कस्बों को भी साफ-सुथरा रखने की शपथ ली। इंदौर महानगर अग्रवाल समाज के तत्वावधान में 22 युगलों के सामूहिक विवाह की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही थी। सुबह गणेश पूजा, चाक-भात, सगाई, साकड़ी राखी एवं अन्य परंपराओं का निर्वाह करने के बाद संध्या को 22 घोड़ियों पर दूल्हे एवं 8 बग्घियों में दुल्हनों की शोभा यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों की मंगल ध्वनि के बीच दूल्हा-दुल्हन के रिश्तेदारों ने नाचते-गाते हुए इस विवाह का जश्न मनाया। यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए सड़क के एक ओर विवाह स्थल से राजीव गांधी चौराहा स्थित शिव मंदिर तक कार्यकर्ताओं के निर्देशन में शोभायात्रा निकाली गई।

इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से संयोजक राजेश कुंजीलाल गोयल, नंदकिशोर कंदोई एवं अनिल अग्रवाल ने बताया कि बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने व्यवस्थाएं संभाली और मेहमानों की अगवानी की। शोभायात्रा के विवाह स्थल पहुंचने के बाद 22 तोरण, 22 लग्नवेदी, 22 मंडप एवं 22 पंडितों की व्यवस्था के अनुरूप दूल्हों ने सबसे पहले तोरण मारे, फिर गोधूलि बेला में विद्वान पंडितों ने अग्नि की साक्षी में वैदिक पद्धति से मंत्रोच्चारण कर सात फेरे संपन्न कराए। आठवां फेरा सामाजिक सरोकार के लिए भी लिया गया। मेहमानों के लिए चाय, नाश्ते, भोजन एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था सुबह से ही विवाह स्थल पर की गई थी। इस अवसर पर समाजसेवी प्रेमचंद गोयल, दिनेश मित्तल, सुनील-डॉ. दिव्या गुप्ता, मनीष खजांची, रमेश गुप्ता पीठेवाले, महेश मित्तल, अरविन्द वेल्यूअर, महेश अग्रवाल निरमा, गयाप्रसाद तायल, नंदकिशोर गायत्रीदेवी अग्रवाल, विनोद सिंघानिया, राजेंद्र गोयल शिवशक्ति, राजेन्द्र समर्पण, कांता-ओम अग्रवाल, सुरेश-डॉ संध्या गुप्ता, गोविंद मंगल, के.के. गोयल कांट्रेक्टर, वर्षा बंसल की मौजूदगी में विवाह की सभी रस्में सौल्लास एवं निर्विघ्न सम्पन्न हुई। विवाह की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नारायण अग्रवाल 420 पापड़वाले, अशोक किशनलाल एरन, रामनारायण अग्रवाल, अविनाश ओएस्टर, मोहन रामचन्द्र अग्रवाल के मार्गदर्शन में रामगोपाल बंसल, हरि अग्रवाल, श्याम अग्रवाल जिंसी, दामोदर मोदी, बालकिशन अग्रवाल, अजय तेजकरण गुप्ता, विनोद अग्रवाल (अग्रवाल कपल), पंकज जयगणेश, योगेन्द्र एरन सहित बड़ी संख्या में समाज बंधुओं ने मेहमानों की अगवानी कर उनका मार्गदर्शन किया। नवयुगलों को आशीर्वाद समारोह में समाजसेवी बंधुओं के सौजन्य से गृहस्थी चलाने योग्य उपहार भी विदाई बेला में भेंट किए गए। आशीर्वाद समारोह में अतिथि के रूप में समाजसेवी विनोद अग्रवाल, प्रेमचंद गोयल, दिनेश मित्तल, निर्मल रामरतन अग्रवाल, राजेश चेलावत, रामदास गोयल, पवन सिंघानिया, टीकमचंद गर्ग, विष्णु बिंदल, श्रीमती नीति –पुनीत अग्रवाल, अरविंद बागड़ी एवं जगदीश बाबाश्री ने भी उपस्थित रहकर नवयुगलों को शुभाशीष प्रदान किए।

कार्यक्रम के सूत्रधार राजेश कुंजीलाल गोयल ने बताया कि वरिष्ठ समाजसेवी ब्रह्मलीन कुंजीलाल गोयल एवं स्व. रमेशचंद्र अग्रवाल ने बरसों पहले कन्यादान-महादान का आव्हान किया था। उनकी भावनाओं के अनुरूप सभी समाजों की बेटियों के हाथ पीले कराने के उद्देश्य से इंदौर महानगर अग्रवाल समाज के आव्हान पर शहर के प्रमुख समाजसेवी बंधुओं ने इस सामाजिक क्रांति के शंखनाद में भागीदार बनकर समाज की ओर से एक अनुकरणीय परम्परा कायम रखी है। समाजसेवी एवं वैश्य कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल की प्रेरणा से यह समूचा आयोजन सौल्लास संपन्न हुआ। संध्या को सभी युगलों को गृहस्थी चलाने योग्य उपहारों सहित विदाई दी गई। मेहमानों ने भी अपने स्तर पर नवयुगलों को बधाई देकर अनेक उपहार सौंपे। आशीर्वाद समारोह में शहर के अनेक राजनेता, प्रशासनिक अधिकारी और विशिष्टजन उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत राजेश कुंजीलाल गोयल, ओम कांता अग्रवाल, गोविंद मंगल, रमेश गुप्ता पीठेवाले, श्याम अग्रवाल जिंसी, हेमंत अग्रवाल एवं वैश्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने किया।

Show More

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!