विविध

विद्याधाम में जन्माष्टमी पर 21 विद्वानों द्वारा अभिषेक, कदम्ब के फूलों से सजाई गई झांकी

श्री श्रीविद्याधाम

विद्याधाम में जन्माष्टमी पर 21 विद्वानों द्वारा अभिषेक, कदम्ब के फूलों से सजाई गई झांकी

इंदौर। विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव शुक्रवार को स्मार्त मतानुसार धूमधाम से मनाया गया। आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में सुबह एवं दोपहर को हरियाली, कदम्ब के फूल एवं फूलों से भगवान की आकर्षक झांकी सजाई गई। शनिवार को मंदिर पर नंदोत्सव की धूम बनी रही।

आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि पं. लोकेश शर्मा एवं उनके साथियों ने भगवान के जन्म एवं यमुना में नौका विहार की झांकी को कदम्ब के फूलों और अन्य हरे-भरे पत्तों से बहुत आकर्षक ढंग से श्रृंगारित किया। संध्या को 21 विद्वानों द्वारा आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में भगवान कृष्ण का तुलसी दल, सफेद तिल्ली एवं पुष्पों से सहस्त्रार्चन किया गया। षोडशोपचार पूजन, गोदुग्ध से अभिषेक एवं श्रृंगार के बाद रात्रि ठीक 12 बजे जन्मोत्सव की आरती हुई। भगवान को पुष्पों से सज्जित झूले में झुलाया गया। सैकड़ों भक्तों ने मंदिर आकर भगवान को झुलाने का पुण्य लाभ उठाया। मंदिर पर आकर्षक पुष्प एवं विद्युत सज्जा भी की गई थी। शनिवार को मंदिर पर नंदोत्सव भी उत्साह के साथ मनाया गया। उत्सव में आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध किए गए थे। आश्रम परिवार को ओर से सैकड़ों भक्तों ने व्यवस्थाएं संभाली। प्रसाद वितरण के साथ समापन हुआ।

 

 

Show More

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!